बृज 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग पर पत्रकारों ने शुरू की धर्मार्थ प्याऊ; जिला कलेक्टर ने सेवा कार्यों की सराहना की, पुलिस अधीक्षक बोले- परिक्रमार्थियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
डीग, (नीरज जैन) जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने बृज 84 कोसीय परिक्रमा के दौरान जल महल प्रेसक्लब सोसायटी डीग द्वारा परिक्रमार्थियों के लिए लगाई गई धर्मार्थ प्याऊ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने अन्य सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से भी इस प्रकार के पुनीत कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने कहा कि डीग जिले से गुजरने वाले परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं, भक्तों एवं परिक्रमार्थियों की सुरक्षा के लिए पुलिस की पुख्ता व्यवस्था की गई है। जब भी परिक्रमार्थी द्वारा सहायता मांगी जावेगी पुलिस उनकी सेवा के लिए तत्पर रहेगी। जिला कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक द्धारा प्याऊ का उद्घाटन फीता काटकर किया गया।
पुरुषोत्तम मास में शुरू हुई बृज 84 कोसीय परिक्रमा के चलते डीग जिले में श्रद्धालुओं और परिक्रमार्थियों की बड़ी संख्या पहुंच रही है। भीषण गर्मी को देखते हुए सामाजिक सरोकार निभाते हुए डीग के पत्रकार भी सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में जल महल प्रेसक्लब सोसायटी डीग की ओर से परिक्रमा के मुख्य मार्ग पर कामां रोड स्थित रेलवे फाटक के पास धर्मार्थ प्याऊ लगाई गई है।
प्याऊ के उद्घाटन के अवसर पर जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. जीतेन्द्र सिंह फौजदार, नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह फौजदार, जल महल प्रेसक्लब के जिला संरक्षक हरिकृष्ण लवानिया, दीपचंद शर्मा, मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी, महासचिव लोकपाल फौजदार, समाजसेवी राजकुमार गोयल, राधे एरन, सार्थक गोयल, हरेंद्र सिंह, सुरेश शर्मा, अंकुर जादौन, शत्रुधन गुर्जर, राजेश कठेरा, नरेश फौजदार, रमन गोस्वामी, नरेश फौजदार अजय विद्यार्थी मुकेश जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।


