रामगढ़ के बेरे बास की घाटी में दो तीन दिन पुरानी गोवंश की कटी गर्दन मिलने से सनसनी फैली
रामगढ़ (राधेश्याम गेरा) रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोहा गांव के समीप इलाके में बेरेबास की घाटी में सोमवार दोपहर एक मृत गोवंश की कटी हुई गर्दन सड़क किनारे पड़ी मिली।
कटी गर्दन की सूचना मिलते ही गोरक्षक दल के सदस्य और रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार, रामगढ़ थानाधिकारी अजीत बड़सरा और बगड़ तिराहा पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मृत गोवंश के अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को मेडिकल जांच और पोस्टमॉर्टम के लिए रामगढ़ पशु चिकित्सालय भेजा गया है।
डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली की गोहा गांव के पास बेरे की घाटी में मृत गोवंश की कटी हुई गर्दन मिली है। पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत लग रहा है।
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व ने शव को सड़क किनारे फेंका हो या आवारा कुत्ते गर्दन को खींचकर सड़क किनारे ले आए हों।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास खून के निशान नहीं मिले हैं। पशु चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच में गोवंश का शव करीब दो से तीन दिन पुराना होने का अनुमान लगाया है , गोवंश के अवशेष (गर्दन) से सड़न और बदबू शुरू हो चुकी थी। मौत के कारणों और पूरे मामले का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
गौसेवक दल के सदस्य जतीन दत्त ने बताया कि उन्हें बेरे की घाटी के पास गोवंश का कटा हुआ सिर पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर हम मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। फिलहाल, पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।


