पुलिस की बड़ी कार्रवाई; इलाज के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 48 आरोपी गिरफ्तार; 78 चार पहिया वाहन व 23 लाख रुपए जब्त
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) हनुमाननगर थाना क्षेत्र स्थित खानगढ़ पैलेस होटल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इलाज के नाम पर कथित ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 48 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि मौके से 78 चार पहिया वाहन एवं करीब 23 लाख रुपए की नकदी जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार टोंक डीएसटी एवं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जहाजपुर वृत्ताधिकारी रेवड़मल मौर्य के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने खानगढ़ पैलेस होटल को चारों तरफ से घेरकर छापा मारा और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
कार्रवाई में हनुमाननगर, जहाजपुर, पंडेर, शक्करगढ़, काछोला, पारोली, शाहपुरा सहित करीब आधा दर्जन से अधिक थानों का जाब्ता मौजूद रहा। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में वाहन, नकदी एवं अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इलाज के नाम पर लोगों से ठगी करने का काम करते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपी राजस्थान के विभिन्न जिलों के बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है तथा जब्त दस्तावेजों और नकदी के संबंध में पूछताछ जारी है।


