करंट लगने से 26 वर्षीय युवक की मौतः पोस्टमार्टम में गड़बड़ी का आरोप, कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
खैरथल (हीरालाल भूरानी) खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर उपखंड स्थित काली पहाड़ी गांव में खेत पर कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत गई है। ग्रामीणों ने डॉक्टर पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
11000 वोल्ट लाइन की चपेट में आने से मौत
ग्रामीणों ने बताया कि काली पहाड़ी निवासी 26 वर्षीय नरेंद्र कुमार पुत्र सिंघाराम जाट की 19 अप्रैल 2026 को खेत में ज्वार की फसल में पानी देते समय 11000 वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
मृतक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। उसके परिवार में उसकी गर्भवती पत्नी और एक तीन वर्षीय पुत्री है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. प्रवीण धानिया ने रिपोर्ट में मौत का कारण खेत में करंट लगने के बजाय घर पर बिजली का काम करते समय हुई दुर्घटना दर्ज कर दिया। परिजनों ने इस त्रुटि को सुधारने की मांग की, जिस पर डॉक्टर ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कई बार निवेदन करने के बावजूद रिपोर्ट में कोई सुधार नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पटवारी की मौका मुआयना रिपोर्ट, ग्रामीण मेजरनामा और एएनएम के हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद भी चिकित्सक अपनी मांग पर अड़ा रहा। विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक की पत्नी और मासूम पुत्री को सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने के लिए एमएलसी रिपोर्ट में सुधार कराया जाए। साथ ही, संबंधित चिकित्सक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महेंद्र सिंह, धर्मपाल, भीम सिंह, रोहतास, हीरालाल, जसराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
मंगलवार को पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। इसमें सीएचसी तातारपुर के चिकित्सक पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कथित गड़बड़ी, रिश्वत मांगने और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।


