सहाड़ी-नांगलरूपा मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान, सड़क निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणो में रोष
कठूमर / दिनेश लेखी। उपखण्ड क्षेत्र के सहाड़ी से नांगलरूपा मोड़ तक जाने वाली कच्ची सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
युवा संगठन के अध्यक्ष जीतराम गुर्जर ने बताया कि यह सड़क करीब 10 वर्षों पूर्व बनाई गई थी, लेकिन आज तक इसका निर्माण एवं मरम्मत कार्य नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वही ग्रामीणो ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि खेतों पर जाने और फसल को घर तक लाने का यही मुख्य रास्ता है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। पानी भर जाने से सड़क दलदल में बदल जाती है और वहां से पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में फसल भरकर लाते समय रास्ते में फंस जाते हैं, जिससे फसल खराब होने के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। मजदूरों और स्कूली बच्चों को भी इस रास्ते से गुजरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी निराशा और रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क निर्माण करवाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।


