ओवरस्पीड कार रोकने के प्रयास में कॉन्स्टेबल को मारी टक्कर, रीढ़ की हड्डी टूटी; मामला दर्ज, आरोपी चालक फरार

May 24, 2026 - 13:39
 0
ओवरस्पीड कार रोकने के प्रयास में कॉन्स्टेबल को मारी टक्कर, रीढ़ की हड्डी टूटी; मामला दर्ज, आरोपी चालक फरार

सांडेराव (राजस्थान) पाली जिले के सांडेराव थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-62 पर ड्यूटी के दौरान एक बेहद गंभीर और दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। बिरामी टोल के पास ओवरस्पीड कार को रुकवाने का इशारा करने पर कार चालक ने ड्यूटी पर तैनात यातायात कॉन्स्टेबल को जानबूझकर तेज टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस हादसे में कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सांडेराव थाने में एएसआई जोगेंद्र कुमार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, गत 19 मई की शाम करीब 5:26 बजे कॉन्स्टेबल महेंद्रसिंह, अवतारराम और कॉन्स्टेबल चालक राजूसिंह इंटरसेप्टर वाहन के साथ बिरामी टोल के पास ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई कर रहे थे।

इसी दौरान सुमेरपुर रोड की तरफ से गुजरात नंबर की एक सफेद कार 108 किलोमीटर प्रति घंटा की अत्यधिक रफ्तार से आती हुई कैमरे में दर्ज हुई। इस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार चालक को रुकने का इशारा किया।

  • धोखा देकर मारी टक्कर:

कार चालक ने पहले गाड़ी की गति धीमी की, जिससे लगा कि वह गाड़ी रोक रहा है। परंतु, जैसे ही वह पुलिसकर्मियों के नजदीक पहुंचा, उसने अचानक कार की रफ्तार बढ़ा दी और सामने खड़े कॉन्स्टेबल महेंद्रसिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कॉन्स्टेबल महेंद्रसिंह हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना के तुरंत बाद घायल कॉन्स्टेबल महेंद्रसिंह को एम्बुलेंस की मदद से पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया।

यातायात प्रभारी सुमेरदान चारण ने बताया कि हादसे में कॉन्स्टेबल महेंद्रसिंह के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसके कारण उन्हें 3 टांके आए हैं। इसके अलावा उनके पैर के अंगूठे और एड़ी में फ्रैक्चर हुआ है। सबसे गंभीर चोट उनकी रीढ़ की हड्डी में आई है, जहाँ L-3 हिस्से में क्रैक होने के कारण जोधपुर के एक निजी अस्पताल में उनका जटिल ऑपरेशन किया गया है।

सांडेराव थाना पुलिस ने एएसआई जोगेंद्र कुमार की रिपोर्ट पर फरार कार चालक के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा टोल नाके और हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी कार चालक की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उसे गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................