"ऑपरेशन म्यूल हंटर" के तहत खैरथल-तिजारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई; पुराने नोट-सिक्के खरीदने के नाम पर ठगी करने वाले 3 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 8 मोबाइल जब्त
खैरथल-तिजारा पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन म्यूल हंटर" के तहत बड़ी कार्रवाई की है। किशनगढ़बास थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर पुराने करेंसी नोट और सिक्के ऊंचे दामों पर खरीदने का लालच देकर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 8 संदिग्ध मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
- पुराने नोट और दुर्लभ सिक्के ऊंची कीमत में खरीदने का झांसा दिया
पुलिस के अनुसार, ये साइबर ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों को पुराने नोट और दुर्लभ सिक्के ऊंची कीमत में खरीदने का झांसा देते थे। इसके बाद वे प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन और टैक्स के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठकर ठगी करते थे।
थानाधिकारी बनवारीलाल मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता का उपयोग कर इन आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जकरिया उर्फ जीकू (निवासी बेवड़ी का बास बाघोड़ा), अब्बास (निवासी ताजूबास मिर्जापुर) और सारुक खान (निवासी थानाघोड़ा) के रूप में हुई है।
- मोबाइल जब्त कर शुरू की जांच
पुलिस ने आरोपियों से जब्त मोबाइल फोन की जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि इनके तार अन्य राज्यों में सक्रिय साइबर गिरोहों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब मोबाइल डेटा और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की गहन पड़ताल कर रही है।
- पुलिस को सूचना देने की अपील
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विजय कुमार, कॉन्स्टेबल धनसिंह, अकबर खान और जैकम खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर पुराने नोट-सिक्के खरीदने या बेचने से जुड़े किसी भी लालच में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


