भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत, सालवाड़ी के दांतिया रोड पर शुरू हुई आरओ युक्त शीतल जल प्याऊ
खेरली (दिनेश लेखी) भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच आमजन एवं राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम सालवाड़ी में दांतिया रोड स्थित मुख्य मार्ग पर आरओ युक्त शीतल पेयजल प्याऊ का ग्रामीणों द्वारा फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
जानकारी के अनुसार सालवाडी गांव के समाजसेवी भरतलाल मीना ने अपने फार्म हाउस के बाहर यह जनहितकारी पहल करते हुए अपने माता-पिता स्वर्गीय सुंदर देवी एवं स्वर्गीय गंगासहाय मीना की स्मृति में आरओ वाटर कूलर स्थापित कराया है।
गर्मी के मौसम में जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं सड़क मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों, ग्रामीणों एवं वाहन चालकों को अब शुद्ध एवं ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। इस सराहनीय कार्य से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने इसे मानव सेवा की मिसाल बताया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने भरतलाल मीना की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की सुविधाएं लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होती हैं। राहगीरों ने भी शीतल जल व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे पुण्य का कार्य बताया।
कार्यक्रम के दौरान रामचरण मीना, रामकिशन पटवारी, रविन्द्र फौजी, विश्राम टाटू, सोपाल, हरफूल मीना, कैलाश मीना, अमर सिंह, भंवर, भजनी, सुंदर, ओमप्रकाश, सुखदेव, मुरारी, रामकिशन, किशोरी, मोसरिया, पप्पू सैक्टरी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।


