डीग जिले में 25 मई से 5 जून तक आयोजित किया जाएगा वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026

May 24, 2026 - 20:36
 0
डीग जिले में 25 मई से 5 जून तक आयोजित किया जाएगा वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026

डीग (नीराज जैन) प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी एवं  मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप जिले में जल स्रोतों के संरक्षण संवर्धन और पर्यावरण चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से  25 मई से 5 जून 2026 तक वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 का आयोजन किया जा रहा है। 
जिसको लेकर जिला प्रशासन डीग द्वारा समस्त विकास खंडों और ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के समन्वय से आयोजित होने वाली दैनिक गतिविधियों की रूपरेखा तय कर ली गई है। यह अभियान संपूर्ण जिले में जल संचय को जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध होगा।
इस अभियान का शुभारंभ आज  25 मई को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जिला स्तर, ब्लॉक स्तर एवं शहरी क्षेत्रों में जल स्रोतों पर स्वच्छता अभियान, श्रमदान और दीप प्रज्वलन गतिविधियों के साथ किया जाएगा। आज सोमवार को जल संसाधन विभाग द्वारा नदियों, बांधों व नहरों पर पारंपरिक पूजन कर कृषकों के सहयोग से डी-सिल्टिंग का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। सोमवार को ही स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वन्दे गंगा प्रभात फेरी तथा राजीविका के माध्यम से कलश यात्रा, पीपल पूजन, पौधारोपण एवं स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

अगले दिन मंगलवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटकों के जरिए जागरूकता का प्रसार किया जाएगा तथा नवीन अमृत सरोवरों का शिलान्यास, हरियालो राजस्थान के तहत पौधारोपण की अग्रिम तैयारी और ओरण व चारागाहों के चिन्हांकन सहित मनरेगा के तहत जल संरक्षण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। 27 मई को स्थानीय गौशालाओं और पशु चिकित्सालयों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के सहयोग से जल संरक्षण पर विषयपरक संगोष्ठी आयोजित होगी। 
अभियान के आगामी चरण में 28 मई को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंडों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वयंसेवकों के सहयोग से वन्दे गंगा जल सेवा की शुरुआत होगी और छतों पर वर्षा जल संग्रहण तकनीक की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही औद्योगिक संस्थानों को ग्रीन ऑफिस इनिशिएटिव और एनर्जी ऑडिट से संबद्ध किया जाएगा। 29 मई को तालाबों, जोहड़ों तथा सोख्ता गड्डों की सफाई और मरम्मत के कार्य संपादित होंगे।

30 मई को मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान-2.1 के तहत पूर्ण कार्यों का लोकार्पण एवं आगामी चरणों के नवीन कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जाएगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल चौपाल का आयोजन होगा। 31 मई को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर  प्रभात फेरी, साइकिल रैली, सामूहिक श्रमदान, जल स्रोतों पर दीप प्रज्वलन और पक्षियों के लिए परिंडे बांधने का कार्य किया जाएगा, वहीं नगरीय निकाय क्षेत्रों में नो प्लास्टिक डे के अंतर्गत प्लास्टिक कचरे का निस्तारण किया जाएगा।
अगले माह जून  के प्रथम सप्ताह में गतिविधियों को और अधिक गति दी जाएगी। जिसमें 1 जून को कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा ड्रिप, स्प्रिंकलर व फार्म पॉन्ड की स्वीकृतियां जारी करने के साथ जैविक खेती पर कार्यशाला एवं किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। 2 जून को जल संसाधन विभाग द्वारा पुनः नहरों की सफाई और कैच द रेन कार्यक्रम का संपादन होगा तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा व्यापक जल परीक्षण अभियान चलाया जाएगा।

3 जून को सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा मीडिया राउंड टेबल और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा तथा ऊर्जा विभाग द्वारा ट्रांसफार्मरों के आसपास स्वच्छता कार्य किए जाएंगे। 4 जून को विभिन्न सरकारी भवनों में स्थित वॉटर हार्वेस्टिंग ढांचों की साफ-सफाई, सड़क किनारे पौधारोपण की तैयारी और शिक्षा विभाग के सहयोग से नारा लेखन व खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इस अभियान का  समापन 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के सुअवसर पर होगा। इस दिन वन विभाग द्वारा हरियालो राजस्थान के अंतर्गत गड्डों की खुदाई, तुलसी के पौधों का वितरण और नर्सरियों में पौधों की ग्रेडिंग का कार्य किया जाएगा। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा एसटीपी और सीईटीपी से प्राप्त परिष्कृत जल का वैज्ञानिक आकलन किया जाएगा। समापन समारोह में जिला प्रशासन द्वारा अभियान के सफल क्रियान्वयन में अनुकरणीय योगदान देने वाले भामाशाहों, स्वयंसेवी संस्थाओं, ग्राम पंचायतों और जल-योद्धाओं को जल गौरव सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। 5 जून की सायं  सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................