पर्यावरण महायज्ञ के तहत धामेड़ा धाम में हुआ पौधारोपण, संरक्षण का लिया संकल्प
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) श्री कृष्णा शिक्षा एवं ग्रामीण विकास समिति के तत्वावधान में चल रहे पर्यावरण महायज्ञ के अंतर्गत बुधवार को पीर संज्यानाथजी महाराज की तपोस्थली धामेड़ा धाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों, युवाओं, ग्रामीणों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। समिति के सचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
समिति द्वारा पर्यावरण महायज्ञ के माध्यम से अधिकाधिक पौधारोपण के साथ-साथ जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि धामेड़ा धाम परिसर को हरित, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है। आगामी दिनों में भी अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा आमजन से इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस मौके पर अध्यक्ष महेश चंद सैनी, निदेशक मोनू शर्मा, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी गायत्री शर्मा, संगठन मंत्री पिंकी मीणा, पटवारी नरेंद्र कुमार यादव, बनवारी लाल योगी, बनवारी सैनी, गूगनसिंह शेखावत, सन्दीप भार्गव, पूरणसिंह लोधी सहित अन्य लोग मौजूद थे।


