गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के संकल्प के साथ साइकिल से की 12 ज्योतिर्लिंग व चार धाम की यात्रा, भीलवाड़ा पहुंचने पर राहुल का भव्य स्वागत
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर एक अनोखा और अनुकरणीय प्रयास सामने आया है। जिले के खामोर गांव के निवासी राहुल कुमार प्रजापत ने इस पावन उद्देश्य के लिए साइकिल से देश के 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम की अत्यंत कठिन यात्रा पूरी की है। करीब 9 महीने के लंबे और चुनौतीपूर्ण सफर को तय करने के बाद भीलवाड़ा पहुंचने पर राहुल का स्थानीय नागरिकों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
- 9 महीने में तय किया हजारों किलोमीटर का सफर
खामोर निवासी राहुल कुमार प्रजापत के मन में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की गहरी इच्छा थी। इसी संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उन्होंने साइकिल से यात्रा करने का निर्णय लिया। पिछले 9 महीनों से वे लगातार साइकिल चलाकर देश के कोने-कोने में स्थित 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धामों के दर्शन करते रहे। इस दौरान उन्होंने जगह-जगह लोगों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया।
साइकिल यात्रा पूर्ण कर भीलवाड़ा आगमन पर राहुल कुमार प्रजापत का शारदा चौराहे के पास समाजसेवियों और स्थानीय युवाओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने माला पहनाकर और साफा बांधकर उनके इस साहसिक और धार्मिक प्रयास की सराहना की।
राहुल के भीलवाड़ा पहुंचने पर विनोद अग्याल, अभिषेक जोशी, सोनू साहू, कमलेश गाडरी, गणेश कुमावत, कमलेश कुमावत, भागचंद शर्मा, दिनेश रेगर, सुवालाल, चंद्रशेखर पुरोहित, नटवर सिंह, पवन वैष्णव सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे और उन्होंने राहुल के हौसले को सलाम किया।


