खजूरी में जनसुनवाई भी, गौसेवा भी: विधायक गोपीचंद मीणा ने शिविर में सुनीं समस्याएं, गौशाला को दिए 21 हजार
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) विधायक गोपीचंद मीणा शुक्रवार को खजूरी ग्राम पंचायत में जनसमस्याओं के समाधान से लेकर गौसेवा तक सक्रिय नजर आए। एक ओर उन्होंने ग्रामीण जन समस्या समाधान शिविर में पहुंचकर अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का संवेदनशील एवं समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए, वहीं दूसरी ओर अपने जन्मोत्सव सेवा पखवाड़े के तहत गौशाला पहुंचकर गौसेवा की और गौशाला के लिए 21 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की।
खजूरी में आयोजित ग्रामीण जन समस्या समाधान शिविर में राजस्व विभाग सहित ब्लॉक स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राजस्व, पेयजल, विद्युत, सड़क, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, कृषि एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिविर के बाद विधायक मीणा सेवा पखवाड़े के अंतर्गत खजूरी गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गौमाताओं को दलिया, गुड़ एवं हरा चारा खिलाकर गौसेवा की। साथ ही गौशाला में चारे की व्यवस्था के लिए 21 हजार की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौसेवा का विशेष महत्व है। गौशालाओं के संचालन और संरक्षण में समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है तथा प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करना चाहिए। विधायक के इस सहयोग पर गौशाला समिति एवं ग्रामीणों ने उनका आभार व्यक्त किया।


