जनसंख्या दिवस पर टपूकड़ा महाविद्यालय में हुआ व्याख्यान का आयोजन
खैरथल (हीरालाल भूरानी) विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में छात्राओं को जनसंख्या वृद्धि से संबंधित चुनौतियों एवं समाधान के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उमा शर्मा ने अपने व्याख्यान में बढ़ती जनसंख्या के कारण उत्पन्न होने वाली विभिन्न समस्याओं जैसे संसाधनों पर बढ़ता दबाव, बेरोजगारी, पर्यावरण प्रदूषण तथा स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रो. सुनील दत्त ने छात्राओं को जनसंख्या संतुलन, परिवार नियोजन, महिला शिक्षा तथा स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
महाविद्यालय प्राचार्य मनोज चोपड़ा ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना तथा देश के सतत विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के अंत में इस अवसर पर समस्त छात्राओं ने नशा मुक्त राजस्थान बनाने की शपथ भी ग्रहण की।


