एकता पब्लिक स्कूल में प्रदेश स्तरीय सीबीएसई कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आगाज
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) । कस्बे के पास किरोड़ी रोड स्थित एकता पब्लिक स्कूल के प्रांगण में चार दिवसीय प्रदेश स्तरीय सीबीएसई क्लस्टर कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ शानदार आगाज हुआ। इस चार दिवसीय महाकुंभ का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारतीय एशियन कबड्डी टीम के कप्तान व राष्ट्रीय पदक विजेता विजेंद्र चौधरी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीवनी एजुकेशन ग्रुप के अध्यक्ष सावर माल मील ने की।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में नेशनल कबड्डी खिलाड़ी धर्मपाल पूनिया, विकास कच्छावा और सीबीएसई ऑब्जर्वर देवव्रत शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के शुभारंभ पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
- खिलाड़ियों में दिखता है देश का भविष्य: विजेंद्र चौधरी
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विजेंद्र चौधरी ने कहा कि खेल केवल जीत-हार के लिए नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी हैं। खेलों के माध्यम से ही ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं निकलकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करती हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन राव ईश्वर सिंह ने भारतीय कप्तान विजेंद्र चौधरी का शेखावाटी परंपरा के अनुसार चुनरी का साफा पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर जोरदार नागरिक अभिनंदन किया। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए राव ईश्वर सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को खेल हमेशा 'खेल की भावना' से ही खेलना चाहिए, यही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।
- सीबीएसई अजमेर रीजन की 53 टीमें दिखा रही हैं दम
विद्यालय के प्राचार्य विजय शर्मा ने बताया कि इस चार दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में सीबीएसई अजमेर रीजन की कुल 53 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें खिलाड़ियों के लिए तीन आयु वर्ग (अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19) निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आगामी 18 जुलाई को खेला जाएगा।
- पहला मुकाबला: आखिरी रेड तक थमी रहीं सांसें
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच अंडर-19 वर्ग में स्कॉलरशिप एकेडमी (जयपुर) और मैट्रिक्स हाई स्कूल (सीकर) के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक और कांटे का रहा। मैच के अंतिम क्षणों तक दर्शक रोमांचित रहे। अंततः शानदार तकनीकी खेल का प्रदर्शन करते हुए मैट्रिक्स हाई स्कूल, सीकर ने 44–39 के अंतर से मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के चेयरमैन राव ईश्वर सिंह ने सभी अतिथियों, रेफरी, कोच और खिलाड़ियों का आभार (वोट ऑफ थैंक्स) व्यक्त किया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ और खेल प्रेमियों का विशेष योगदान रहा।


