लक्ष्मणगढ़ में भारी बारिश से टूटी सड़कों का SDM ने किया निरीक्षण: PWD और पालिका को युद्ध स्तर पर मरम्मत के निर्देश
लक्ष्मणगढ़ / अलवर (कमलेश जैन)। जिला कलेक्टर के सख्त निर्देशों की अनुपालना में लक्ष्मणगढ़ उपखंड अधिकारी (SDM) सुभाष चंद्र ने क्षेत्र में भारी बारिश और जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का मौके पर जाकर जायजा लिया। एसडीएम ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ लक्ष्मणगढ़ कस्बे सहित सूरजगढ़ और गोपालपुरा की प्रमुख टूटी सड़कों व गहरे गड्ढों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों का लवाजमा रहा साथ निरीक्षण के दौरान एसडीएम के साथ सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता (AEN) मुकेश कुमार मीणा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) चेतन बैरवा और कनिष्ठ अभियंता (JEN) छोटेलाल मीणा सहित स्थानीय प्रशासन की टीम मौजूद रही। प्रशासनिक टीम ने बारीकी से सड़कों के जलभराव और जर्जर हालत का जायजा लिया।
युद्ध स्तर पर पैच वर्क कराने के आदेश उपखंड अधिकारी ने आमजन और वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात को तुरंत सुचारू बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने PWD और नगर पालिका अधिकारियों को आदेश दिया कि बारिश से बनी जर्जर सड़कों और गहरे गड्ढों को भरने के लिए युद्ध स्तर पर पैच वर्क (Patchwork) और मरम्मत कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए।
गुणवत्ता में लापरवाही पर कड़ी हिदायत एसडीएम सुभाष चंद्र ने सख्त लहजे में कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही या घटिया सामग्री का प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी ताकि आमजन को आवागमन में जल्द से जल्द राहत मिल सके।

