रक्षाबंधन पर उमड़ा उत्साह: एकल अभियान से जुड़ी महिलाओं ने सकट सीएचसी स्टाफ के कलाई पर बांधे रक्षा सूत्र
सकट सीएचसी में एकल अभियान की बहनों ने चिकित्सा कर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र, दीर्घायु की कामना
सकट (अलवर): एकल अभियान संभाग राजस्थान (भाग जयपुर, आंचल अलवर, संच राजपुर बड़ा) से जुड़ी बहनों ने सकट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में पहुंचकर रक्षाबंधन का पावन पर्व धूमधाम से मनाया। इस दौरान बहनों ने अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे सभी चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर, तिलक लगाया और उनका मुंह मीठा करवाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की।
सुरक्षा का मिला वचन: बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व भाई और बहन के अटूट स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। बहनें भाइयों के हाथों में रक्षा सूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु की मन्नत मांगती हैं, वहीं भाइयों से जीवनपर्यंत रक्षा का संकल्प लेती हैं। इस मौके पर चिकित्सा कर्मियों ने भी बहनों की रक्षा करने का वचन दोहराया।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति: इस अवसर पर मनीषा मीणा, शकुंतला मीणा, कल्पना सैनी, आचुकी शर्मा सहित एकल अभियान से जुड़ी कई बहनें तथा राजेश निहाल, पूरणमल सरधना, महेंद्र शर्मा सहित संपूर्ण सीएचसी स्टाफ मौजूद रहा।

