13 सितंबर को भरेगा प्राचीन श्री बाबू बाबा मेला:निकलेगी भव्य कलश यात्रा, महा दीपयज्ञ से रोशन होगा न्यौंठा
न्यौंठा में 13 सितम्बर को आयोजित होगा श्री बाबू बाबा का लखी मेला, पोस्टर विमोचन के साथ हुआ कार्यक्रम का आगाज
हलैना (विष्णु मित्तल): गांव न्यौंठा स्थित प्राचीन एवं आस्था के केंद्र श्री बाबू बाबा मंदिर पर आगामी 13 सितंबर को वार्षिक मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। मेले की सफलता और सुचारू संचालन के लिए 'श्री बाबू बाबा मेला कमेटी' एवं ग्राम सरदारी द्वारा आधिकारिक पोस्टर का विमोचन कर पहला निमंत्रण श्री गणेश जी महाराज व श्री बाबू बाबा को अर्पित किया गया।
मेला कमेटी का गठन: सर्वसम्मति से मास्टर पुरुषोत्तम सिंह को अध्यक्ष, लखन पाठक को संरक्षक व कोषाध्यक्ष, रामकिसन एडवोकेट को सचिव और तुलसीराम सोलंकी, हिम्मत सिंह व रामभरोसी गुर्जर को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। महिला कमेटी में प्रहलादी गुर्जर को अध्यक्ष, लीलावती को संरक्षक, पत्ता देवी को सचिव और राजकुमारी को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मेले का विस्तृत कार्यक्रम:
-
12 सितंबर (मेले की पूर्व संध्या): शांति कुंज हरिद्वार (गायत्री परिवार) के मार्गदर्शन में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी और सायं महा दीपयज्ञ का आयोजन होगा।
-
13 सितंबर (मुख्य मेला दिवस):
-
धार्मिक आयोजन: सुबह 7:15 बजे ध्वजा पूजन, बाबू बाबा की पूजा-अर्चना, आकर्षक फूल बंगला झांकी, 56 भोग दर्शन, अन्नकूट प्रसादी व रज वितरण तथा महाआरती होगी।
-
खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रम: सुबह 9 बजे से ग्राम पंचायत के सहयोग से लंबी कूद और गोला फेंक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी (प्रथम पुरस्कार ₹1100, द्वितीय पुरस्कार ₹500)। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रागनी गायन मुख्य आकर्षण रहेगा।
-
सुरक्षा, पार्किंग व यातायात व्यवस्था: अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह व सचिव रामकिसन एडवोकेट ने बताया कि मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन व पुलिस का विशेष सहयोग लिया जा रहा है।
-
पार्किंग व्यवस्था: झारकई, सरसैना, पीली, भौसींगा, नूरपुर और खांगरी से न्यौंठा आने वाले मार्गों पर अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
-
सुरक्षा बल: नदबई, हलैना, लखनपुर, खेड़ली मोड़, वैर थानों सहित पुलिस लाइन का विशेष जाब्ता तैनात रहेगा।
-
यातायात डायवर्जन: मेले के दिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक हलैना से नदबई (वाया झारकई मोड़) मार्ग पर भारी और लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
गांव एवं मेला कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, ठहरने, रोशनी, सुरक्षा और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। आयोजन के दौरान चुनाव आचार संहिता के सभी नियमों का पूर्ण पालन किया जाएगा। पोस्टर विमोचन के दौरान लखीराम गुर्जर, ओम प्रकाश प्रजापत और सौमोती देवी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

