घना में पानी सप्लाई के कारण 25 को डीग तथा 26 को भरतपुर में पेयजल सप्लाई रहेगी बाधित
भरतपुर, (कौशलेंन्द्र दत्तात्रेय) चम्बल पेयजल परियोजना की ट्रांसमिशन मेन पाइप लाइन में से 25 अगस्त मंगलवार को केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान को जल उपलब्ध करवाये जाने के कारण 25 अगस्त मंगलवार को जिला डीग तथा 26 अगस्त बुधवार को जिला भरतपुर की पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।
अधिशाषी अभियन्ता परियोजना खण्ड-प्रथम कमल सिंह मीणा ने बताया कि केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान, भरतपुर में वर्तमान तीव्र गर्मी एवं जल स्रोतों में निरंतर कमी के कारण जल उपलब्धता अत्यंत चिंताजनक स्तर तक घट गई है। इसके परिणामस्वरूप उद्यान में निवासरत हजारों स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों, जलचर जीवों तथा अन्य वन्य प्राणियों के जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने बताया कि पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं होने पर पक्षियों एवं अन्य वन्यजीवों के अस्तित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। अतः पर्यावरणीय एवं पारिस्थितिक दृष्टि से उद्यान हेतु तत्काल जल उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय पक्षियों के प्रजनन, संरक्षण एवं प्राकृतिक आवास के लिए अत्यंत संवेदनशील अवधि है। ऐसी स्थिति में चम्बल-धौलपुर-भरतपुर पेयजल परियोजना के अंतर्गत धौलपुर से भरतपुर आने वाली ट्रांसमिशन मेन पाइपलाइन से 25 अगस्त प्रातः 6 बजे से आगामी 24 घंटे तक केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान हेतु जल उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अनुरोध किया है कि आवश्यकतानुसार जल का भण्डारण पूर्व में करके रखें तथा विभागीय कार्य में सहयोग प्रदान करें। 25 अगस्त को जिला डीग तथा 26 अगस्त को जिला भरतपुर की पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।

