गोविंदगढ़ में सेक्सटॉर्शन का आरोपी गिरफ्तार: अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर करता था ठगी, 2 मोबाइल बरामद
अलवर जिले में गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने सेक्सटॉर्शन के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को अश्लील वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल कर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (IPS) के निर्देश पर गोविंदगढ़ थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह (उप निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता का उपयोग कर आरोपी को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरफान खान (19) पुत्र खुर्शीद खान निवासी पागसेडी, गोविंदगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल और एक सिम कार्ड बरामद किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से गहनता से पूछताछ तथा आगे की जांच जारी है।

