खबर का असर: समाचार छपते ही जागी नगरपालिका, नाली पर लगवाया लोहे का जाल
राजगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता) कस्बे के मालाखेड़ा बाजार स्थित मुख्य मार्ग पर नाली के ऊपर लोहे का जाल लग जाने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
उल्लेखनीय है कि गोठवाल और ठठेरा मोहल्ले से मुख्य सड़क की ओर जाने वाले रास्ते की नाली का जाल पिछले एक साल से जर्जर था। शिकायत के बाद करीब एक माह पूर्व नगरपालिका कर्मचारी मरम्मत का हवाला देकर जाल ले गए थे, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी उसे वापस नहीं लगाया गया। खुले गड्ढे के कारण आए दिन राहगीर और वाहन चालक चोटिल हो रहे थे।
'GEXPRESSNEWS' द्वारा इस जनसमस्या को प्रमुखता से उजागर किए जाने के बाद नगरपालिका प्रशासन हरकत में आया। सोमवार को एस.आई. रितिक के नेतृत्व में कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और नाली पर मजबूत जाल लगवाकर मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया। स्थानीय लोगों ने समाचार पत्र का आभार व्यक्त किया है।

