चुनावी हुंकारः भीलवाड़ा में 10 वार्डों पर सेन समाज का दावा, भाजपा - कांग्रेस अनदेखी पर सभी 36 कौमों के साथ निर्दलीय उतारने की चेतावनी
भीलवाड़ा (सत्यनारायण सेन) आगामी भीलवाड़ा नगर निगम, नगर परिषद और जिले की विभिन्न नगर पालिकाओं के चुनावों को लेकर सेन समाज ने राजनैतिक हलकों में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। चुनाव में अपनी उचित भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रबुद्ध जनों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। समाज की ओर से भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों के समक्ष लगभग 10 वार्डों से टिकट देने और जिले के अन्य स्थानीय निकायों में प्रतिनिधित्व देने की पुरजोर मांग उठाने की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
- पिछली अनदेखी का बदला भुगत चुकी हैं पार्टियां
समाज के नेताओं का कहना है कि पिछले नगर परिषद चुनावों में दोनों ही प्रमुख दलों ने सेन समाज की घोर अनदेखी की थी, जिससे पूरे समाज में गहरा आक्रोश फैल गया था। इसी नाराजगी के कारण समाज ने अपने बाहुल्य वाले क्षेत्रों में निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में उतारे और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाया। इतना ही नहीं, अन्य कई वार्डों में भी समाज ने एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ मतदान किया, जिससे निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
- सभी 36 कौमों को साथ लेकर उतरेंगे मैदान में
समाज के प्रबुद्ध जनों ने दोनों ही पार्टियों को दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी उनके योग्य प्रत्याशियों को प्राथमिकता के आधार पर टिकट नहीं दिए गए, तो समाज अपने स्तर पर कड़ा फैसला लेगा। ऐसी स्थिति में सेन समाज सभी 36 कौमों को साथ लेकर भीलवाड़ा नगर निगम के साथ-साथ जिले की शाहपुरा, आसींद, गुलाबपुरा, मांडलगढ़, जहाजपुर और गंगापुर जैसी नगर पालिकाओं व नगर परिषदों में अपनेनिर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतारेगा। इसके लिए समाज ने विशेष रूप से उन वार्डों को चिह्नित किया है जहाँ सेन समाज के मतदाताओं की संख्या निर्णायक भूमिका में है।

