एक राखी - देश के जवानों के नाम: भीलवाड़ा सांसद ने स्पीड पोस्ट से भेजे रक्षासूत्र, नागरिकों से भी की अपील
भीलवाड़ा/राजकुमार गोयल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने सीमा पर तैनात वीर जवानों के लिए भारतीय डाक के माध्यम से 101 रक्षासूत्र (राखियां) भेजे हैं। यह कदम मातृभूमि की रक्षा में दिन-रात मुस्तैद जवानों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने के लिए उठाया गया है।
सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी के अनुसार, सांसद अग्रवाल ने ये सभी 101 राखियां स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजने के लिए अधीक्षक डाकघर (भीलवाड़ा मंडल) सुनील कुमार मीणा को सुपुर्द कीं।
वीर जवानों का त्याग हमारा प्रेरणास्रोत
इस अवसर पर सांसद अग्रवाल ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भेजे गए ये रक्षासूत्र सीमा पर तैनात सैनिकों के प्रति देशवासियों के सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक हैं। देश की सुरक्षा के लिए समर्पित वीर जवानों का त्याग और शौर्य हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
'एक राखी – देश के वीर जवानों के नाम' अभियान
भारतीय डाक विभाग द्वारा “एक राखी – देश के वीर जवानों के नाम” भावना के साथ इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। सांसद अग्रवाल ने भीलवाड़ा मंडल के सभी नागरिकों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक को अपनी ओर से स्पीड पोस्ट के ज़रिए सीमा पर तैनात भाइयों तक राखी और शुभकामनाएं ज़रूर भेजनी चाहिए।

