निकाय चुनाव पर पुलिस का सख्त पहरा: तखतगढ़ में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, निर्भीक मतदान की अपील
तखतगढ़/ बरकत खां। आगामी नगर पालिका चुनावों और त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए तखतगढ़ थाना पुलिस ने कस्बे और पालिका क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। इस फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस और प्रशासन ने आमजन को भयमुक्त वातावरण में निष्पक्ष मतदान करने का संदेश दिया।
यह फ्लैग मार्च उप तहसीलदार जितेन्द्र बेबरवाल, ASI दलपत सिंह और ASI घीसूलाल मीणा के नेतृत्व में निकाला गया। पुलिस बल ने प्रताप चौक रोड, मुख्य बाजार और कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए रूट मार्च किया और नागरिकों में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ की।
अशांति फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान डालने या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, चुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों और संपूर्ण क्षेत्र में पुलिस की मोबाइल टीमें लगातार गश्त करती रहेंगी, ताकि मतदाता बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

