जयकारों के साथ शुरू हुआ ऐतिहासिक कारिस देव बाबा मेला
हलैना (विष्णु मित्तल)
अरावली पर्वतमाला की वादियों में बसे गांव जहाज स्थित प्रसिद्ध आस्था धाम श्री कारिस देव बाबा मंदिर परिसर में देव बाबा के जयकारों के साथ वार्षिक मेले का औपचारिक शुभारंभ हो गया। आगामी नगर निगम व पालिका चुनावों की आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए 28 अगस्त से शुरू हुआ यह मेला 28 सितंबर तक चलेगा, जबकि मुख्य मेला और बाबा की जात 31 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित की जाएगी।
गुटबाजी के बीच पहली बार पर्ची (गोली) से तय हुआ चढ़ावा
हर साल भादो माह के मेले में चढ़ावे की बोली को लेकर इस बार मंदिर के गोठिया परिवार के तीन गुटों में खींचतान की स्थिति बन गई। विवाद को समाप्त करने के लिए सर्वसम्मति से अगले तीन वर्षों के लिए चढ़ावे की राशि 50 लाख रुपये निर्धारित की गई और खुली बोली के बजाय 'गोली' (पर्ची) डालकर निर्णय लिया गया:
- वर्ष 2026: लखन गोठिया एवं दीपी गोठिया ग्रुप
- वर्ष 2027: खुबीराम गोठिया एवं शेरसिंह गोठिया ग्रुप
- वर्ष 2028: रतिराम गोठिया ग्रुप
चढ़ावे से प्राप्त राशि को मंदिर के विकास और मेले की व्यवस्थाओं पर खर्च किया जाएगा।
विभिन्न राज्यों से पहुंचने लगे श्रद्धालु
मेला कमेटी के तोताराम प्रधान और प्रताप सिंह गुर्जर ने बताया कि गांव जहाज श्री कारिस देव बाबा की पावन जन्मभूमि है। भादो माह की वदी 4 को बाबा का जन्म होने के कारण यह मुख्य मेला माना जाता है। मेले में राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश और पंजाब से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, भोजन, आवास, रोशनी और पार्किंग की निःशुल्क व्यवस्था की गई है।
प्रशासनिक लवाजमे ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
मेले में सुरक्षा, शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैर एएसपी प्रेरणा शेखावत, वैर एसडीएम ऋतुराज शर्मा, भुसावर एसडीएम राधेश्याम मीणा और भुसावर डीएसपी नीरज भारद्वाज ने मेला स्थल, सीता कुंड और प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। प्रशासन ने मेला परिसर में अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित की है और भरतपुर से विशेष पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।

