अर्रुवा स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को बताए कानूनी अधिकार
कठूमर (दिनेश लेखी) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के अध्यक्ष के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के मार्गदर्शन में शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अर्रुवा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उपस्थित लाभार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, मुफ्त विधिक सहायता तथा विभिन्न सामाजिक और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
शिविर के दौरान पैरा लीगल वॉलंटियर (पीएलवी) वीरेंद्र कुमार नूंगरवार ने उपस्थित लाभार्थियों को गिरफ्तारी से पहले, गिरफ्तारी के दौरान, रिमांड की प्रक्रिया तथा हिरासत में लिए जाने के समय न्याय तक शीघ्र पहुंच सुनिश्चित करने और मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति कानूनी सहायता से संबंधित जानकारी प्राप्त कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रह सकते हैं।
शिविर में बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े विभिन्न कानूनों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। पीएलवी ने पोक्सो अधिनियम, शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009, बाल श्रम से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा बाल विवाह निषेध अभियान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, शोषण और बाल अधिकारों के उल्लंघन के मामलों में जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों की सहायता लेने की जानकारी दी। इसके साथ ही एनएएलएसए की संबंधित योजनाओं, साइबर अपराधों, चाइल्ड एब्यूज तथा अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने के संबंध में भी जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, ऑनलाइन धोखाधड़ी या बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामले में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और समय पर उचित सहायता प्राप्त करनी चाहिए।
शिविर में उपस्थित लाभार्थियों की समस्याओं को सुना गया तथा उन्हें आवश्यकतानुसार कानूनी परामर्श प्रदान किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को कानूनी सहायता सेवाओं का लाभ उठाने, अपने अधिकारों को समझने और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।शिविर में आमजन की सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 आपातकालीन सेवा नंबर 112 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) हेल्पलाइन नंबर 15100 शामिल हैं।
कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अर्रुवा के प्रधानाचार्य रामकुमार शर्मा, सी.एल. मीणा, रामेश्वर गुर्जर, नरेश चौधरी सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों एवं लाभार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरतमंदों तक विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाने का संदेश दिया गया।

