बाजरे की कड़बी में छिपाकर रखी गईं मंदिर की घंटियां, ग्रामीणों में हड़कंप; पुलिस जुटी जांच में
रामगढ़ (राधेश्याम गेरा) अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के अलावड़ा गांव के पास अलावड़ा-तिलवाड़ा मार्ग पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां सड़क किनारे बाजरे की कड़बी के ढेर में मंदिर की घंटियां मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।
- घंटियों की आवाज से हुआ शक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे बिजली आने पर एक स्थानीय किसान खेत में पानी की मोटर चलाने गया था। इसी दौरान सड़क किनारे एक बाइक पर सवार दो युवक आकर रुके। उनमें से एक युवक बाइक से उतरा और साथ लाई गई घंटियों को चुपचाप बाजरे की कड़बी के ढेर में छिपाकर रखने लगा।
घंटियों की खनक और आवाज सुनकर खेत में मौजूद किसान को शक हुआ। जैसे ही किसान ने आवाज लगाई, दोनों युवक वहां से तुरंत फरार हो गए। किसान ने पास जाकर देखा तो कड़बी के बीच घंटियां रखी हुई थीं। उसने तुरंत इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
- गांव के मंदिरों में खंगाली गई जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने अलावड़ा गांव के विभिन्न मंदिरों में जाकर यह पता लगाने का प्रयास किया कि क्या ये घंटियां किसी मंदिर से चोरी हुई हैं। हालांकि, किसी भी मंदिर में इन घंटियों की पहचान नहीं हो सकी। ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि ये घंटियां कहां से लाई गईं और रात के अंधेरे में इन्हें इस तरह खेत में छिपाकर रखने के पीछे क्या मंशा थी।
- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घंटियों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने का प्रयास किया। हालांकि, रात का समय और अंधेरा होने के कारण फुटेज में बाइक सवार युवकों के चेहरे स्पष्ट नहीं आ पाए हैं, जिससे उनकी पहचान में परेशानी आ रही है।
अलावड़ा चौकी प्रभारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घंटियों को जब्त कर लिया है और उनके स्रोत तथा उन्हें रखने वाले संदिग्ध युवकों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

