राष्ट्रीय लोक अदालत: राजगढ़ में 328 मामलों का निस्तारण, ₹2.94 करोड़ से अधिक के अवार्ड पारित
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के निर्देशानुसार शनिवार को ताल्लुका विधिक सेवा समिति, राजगढ़ में इस वर्ष की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया।
ताल्लुका विधिक सेवा समिति, राजगढ़ की सचिव श्रीमती भाग्यश्री मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि लोक अदालत में प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए राजगढ़ मुख्यालय पर एक बेंच का गठन किया गया था। इस बैंच की अध्यक्षता सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आदित्य वशिष्ठ ने की। बेंच में सदस्य के रूप में राजस्व न्यायालय तहसीलदार रतनलाल बंशीवाल एवं अधिवक्ता सदस्य रमेश चंद शर्मा उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान न्यायालय में लंबित दीवानी, फौजदारी, वैवाहिक तथा मोटर दुर्घटना दावा के कुल 309 प्रकरणों का समाधान किया गया। इसके अलावा बैंकों व बीएसएनएल के कुल 19 प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का भी निस्तारण हुआ।
लोक अदालत में कुल 2,94,07,795 रुपये (दो करोड़ चौरानवे लाख सात हजार सात सौ पिचानवे रुपये) का अवार्ड पारित कर पक्षकारों को राहत प्रदान की गई। इसके साथ ही राजस्व न्यायालयों के प्रकरणों का भी निस्तारण कर आमजन को राहत दी गई। मोटर दुर्घटना दावा में कुल 23,54,000 रुपये की अवार्ड राशि का क्लेम पारित कर पीड़ित पक्ष को आर्थिक राहत पहुंचाई गई।
इस अवसर पर न्यायिक कर्मचारीगण,बिजेंद्र शर्मा,नारायण सैन, सुमन शर्मा, अभिनन्दन शर्मा, रतनलाल कोली, राजाराम मीणा, रामवीर रेबारी, चेतराम सैनी, अंकित कुल्हरी, मनखुश मीणा, दीनदयाल सैनी, बिजेन्द्र, होमगार्ड नरेन्द्र सिंह, अशोक, रमेश व पीएलवी शिवकांत शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

