खेरली-सौंखर पंचायत समिति चुनाव को लेकर प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला आयोजित; चुनाव खर्च के नियमों की दी जानकारी
कठूमर (दिनेश लेखी) पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत पंचायत समिति खेरली-सौंखर के निर्वाचन को लेकर प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें निर्वाचन अधिकारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संभावित प्रत्याशियों ने भाग लिया। कार्यशाला में चुनाव प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता, नाम निर्देशन पत्र भरने तथा चुनाव खर्च का लेखा-जोखा रखने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यशाला में राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आदर्श आचार संहिता संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संभावित प्रत्याशियों को चुनाव के दौरान आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया।
पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को नामांकन पत्र भरने, निर्धारित फीस, समय, स्थान और आवेदन पत्र से संबंधित आवश्यक बिंदुओं की जानकारी दी गई, ताकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।कार्यशाला में प्रत्याशियों को चुनाव खर्च की निर्धारित सीमा तथा प्रचार-प्रसार पर होने वाले व्यय का लेखा-जोखा रखने के संबंध में भी जानकारी दी गई। पोस्टर, बैनर और चुनावी रैलियों सहित प्रचार के विभिन्न माध्यमों पर होने वाले खर्च का रिकॉर्ड नियमानुसार रखने के बारे में बताया गया।
कार्यशाला में रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट कठूमर श्याम सुंदर चेतीवाल, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं नायब तहसीलदार खेरली मनीष आर्य, बूथ लेवल मास्टर ट्रेनर (बीएलएमटी), राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संभावित प्रत्याशी उपस्थित रहे।

