कठूमर पंचायत समिति चुनाव: 23 सीटों के लिए 214 उम्मीदवारों ने भरे 271 नामांकन, राजनीतिक सरगर्मियां तेज
कठूमर/ दिनेश लेखी
कठूमर। आगामी पंचायत समिति चुनाव को लेकर कठूमर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां काफी तेज हो गई हैं। पंचायत समिति की 23 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नामांकन आवेदन प्रस्तुत किए।
23 सीटों के लिए आए 271 नामांकन
कठूमर पंचायत समिति चुनाव के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक कलेक्टर नikhil कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत समिति कठूमर की कुल 23 सीटों के लिए कुल 214 अभ्यर्थियों की ओर से 271 नामांकन आवेदन जमा कराए गए हैं। सभी अभ्यर्थियों ने निर्धारित नियमों और प्रशासनिक प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने पर्चे दाखिल किए।
चुनावी गतिविधियों और बैठकों का दौर शुरू
विभिन्न वार्डों से नामांकन आवेदन जमा होने के साथ ही क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवारों में भी भारी सक्रियता दिखाई दे रही है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक विभिन्न वार्डों में संभावित प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच चुनावी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
अब टिकी हैं जांच और नाम वापसी पर नजरें
नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें नामांकन पत्रों की जांच, वैध प्रत्याशियों की सूची और नाम वापसी की प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि चुनावी मैदान में वास्तविक रूप से कितने प्रत्याशी आमने-सामने होंगे। इसके साथ ही क्षेत्र में चुनाव प्रचार और जनसंपर्क गतिविधियों के और अधिक तेज होने की पूरी संभावना है।

