कठूमर नगर पालिका की कार्यशैली पर उठे सवाल: वार्ड 9 में कचरे के ढेर तो वार्ड 7 में छह माह से टूटी पुलिया बनी हादसों का सबब
कठूमर / दिनेश लेखी
कठूमर। स्थानीय कस्बे में नगर पालिका की लचर सफाई व्यवस्था और लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी नाले की पुलिया को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। वार्डों में व्याप्त समस्याओं के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
वार्ड 9 में नियमित सफाई का अभाव, लगे कचरे के ढेर
वार्ड संख्या 9 के नवनिर्वाचित पार्षद रिंकू लेखी ने वार्ड की सफाई व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि सुनील बजाज के मकान से लेकर रसाला मार्केट तक नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं की जा रही है। इसके चलते क्षेत्र में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। नियमित सफाई न होने से स्थानीय रहवासियों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को भीषण दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद के अनुसार इस संबंध में नगर पालिका को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन धरातल पर कोई सुधार नहीं हुआ है।
छह माह से टूटा नाले का पटाव, हादसों का गंभीर खतरा
दूसरी ओर, वार्ड संख्या 7 की नवनिर्वाचित पार्षद एवं भाजपा की पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी मनी देवी ने कठूमर-खेरली रोड पर हरिजन बस्ती के पास नाले की पुलिया का पटाव टूटा होने का गंभीर मामला उठाया है। उन्होंने बताया कि यह पुलिया करीब छह माह से क्षतिग्रस्त पड़ी है। यह मार्ग रेला गांव के लोगों के आवागमन के लिए भी मुख्य रूप से उपयोग में लिया जाता है, जिससे रोजाना सैकड़ों लोग यहां से गुजरते हैं।
पार्षद ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुलिया के पटाव से लोहे के नुकीले सरिये बाहर निकले हुए हैं, जो दोपहिया वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। सरियों में वाहन फंसने और संतुलन बिगड़ने के कारण यहां कई बार हादसे हो चुके हैं। नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा मौके का निरीक्षण करने के बावजूद अभी तक मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत प्रभाव से नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा टूटी हुई पुलिया की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।

