सकट: कार्तिक समापन पर बांके बिहारी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव, फूल बंगला झांकी सजी व पंगत में बांटी प्रसादी
सकट /अलवर / राजस्थान। कस्बा स्थित श्री बांके बिहारी जी महाराज मंदिर में बुधवार को कार्तिक मास के समापन के अवसर पर कार्तिक स्नान करने वाली महिला श्रद्धालुओं की ओर से सामुहिक अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया।
मंदिर के महंत देवादास महाराज ने बताया कि इस दौरान महिला श्रद्धालुओं ने मंदिर में विराजित भगवान श्रीकृष्ण, राधा जी, गणेश जी, हनुमान जी और शिव परिवार की प्रतिमाओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा मत्था टेककर सुख-समृद्धि की मन्नत मांगी। कार्यक्रम के दौरान महिला श्रद्धालुओं द्वारा मधुर भजन-कीर्तन भी किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
महोत्सव के अवसर पर मंदिर में विराजित राधा-कृष्ण, गणेश जी, हनुमान जी और शिव परिवार की प्रतिमाओं की आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई। भगवान की आरती के पश्चात ठाकुर जी को अन्नकूट की प्रसादी का भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर अन्नकूट प्रसादी वितरित की गई।
इस धार्मिक आयोजन में अनुसूचित जनजाति मोर्चा राजस्थान के प्रदेश प्रवक्ता व एडवोकेट शिवलाल मीना, उप सरपंच गोपाल प्रसाद लाटा, जगदीश प्रसाद मीणा सहित प्रेम, शिमला, मनीषा, लक्ष्मी बाई, उगन्ती, ललिता, धनबाई, सुमन कमपूरी, बत्तो और सुनीता सहित बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु मौजूद रहीं।

