महुआ क्षेत्र में बढ़ने लगा सर्दी का असर: उत्तर-पश्चिमी हवाओं से पारा 12 डिग्री के करीब, रबी फसलों को मिला फायदा
महुआ / अवधेश अवस्थी।
महुवा विधानसभा क्षेत्र में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और देर रात तापमान में गिरावट आने से ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है।
क्षेत्र में उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएं चलने से सुबह और रात के समय सर्दी का दौर तेज हो गया है, जिससे न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। वहीं दोपहर में धूप खिलने से हल्की राहत बनी हुई है और दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।
ग्रामीण इलाकों और खेतों में सुबह के समय फसलों व घास पर ओस की बूंदें जमने लगी हैं। तापमान में गिरावट और सुबह गिरने वाली ओस से क्षेत्र में बोई गई गेहूं, सरसों और चने की रबी फसलों की बढ़वार में लाभ मिल रहा है।
बढ़ती ठंड के चलते सुबह-शाम बुजुर्गों, प्रातः भ्रमण पर जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सुबह धूप का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर, बाजार में भी ऊनी कपड़ों की मांग बढ़ने लगी है। दुकानों और थड़ियों पर जैकेट, ऊनी कोट, मफलर, जर्सी और कार्डिगन सहित बच्चों, युवाओं व बुजुर्गों की पसंद के ऊनी परिधानों की नई वैरायटी के साथ सेल लगने लगी है।

