भीलवाड़ा में कांग्रेस के कैलाश मीणा बने जिला प्रमुख: भाजपा के सुखलाल गुर्जर को 17 मतों से दी मात
भीलवाड़ा / सत्यनारायण सेन।
जिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस ने अपना बहुमत जीत में तब्दील करते हुए बाजी मार ली। कांग्रेस प्रत्याशी कैलाश चंद्र मीणा ने भाजपा प्रत्याशी सुखलाल गुर्जर को 17 मतों से पराजित कर जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की। चुनाव में कैलाश मीणा को कुल 45 मतों में से 31 मत मिले, जबकि सुखलाल गुर्जर को 14 मत प्राप्त हुए।
बिजौलिया क्षेत्र के वार्ड नंबर 44 से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए कैलाश चंद्र मीणा खनन व्यवसाय से जुड़े हैं। इस जीत के साथ उन्होंने जिले की शीर्ष पंचायती राज संस्था की कमान संभाल ली है। उल्लेखनीय है कि जिला परिषद की कुल 45 सीटों में से कांग्रेस ने 31 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था, वहीं भाजपा को 14 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। जिला प्रमुख चुनाव का परिणाम भी इसी संख्याबल के अनुरूप रहा।
पूर्व में मांडलगढ़ क्षेत्र के प्रधान रह चुके कैलाश चंद्र मीणा जिला प्रमुख पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे। पार्टी द्वारा उम्मीदवार तय किए जाने के बाद उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र व पार्टी का सिंबल फॉर्म प्रस्तुत किया। नामांकन के समय पूर्व राजस्व मंत्री व जिलाध्यक्ष रामलाल जाट, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर और पूर्व जिला अध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

