लक्ष्मणगढ़ में रैन बसेरे की बदहाली उजागर: एक कमरे में गंदगी व कबाड़ मिला, तालुका विधिक सेवा समिति ने दिए सुधार के निर्देश
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के निर्देशानुसार शीत ऋतु में आमजन व जरूरतमंदों को सुरक्षित आश्रय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तालुका विधिक सेवा समिति, लक्ष्मणगढ़ की टीम ने क्षेत्र में संचालित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, बिस्तर, कंबल, रजाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा, शौचालय और महिला-पुरुषों के लिए पृथक व्यवस्था सहित कुल 28 बिंदुओं पर स्थिति का जायजा लिया गया।
जांच में नए बस स्टैंड स्थित रैन बसेरे की स्थिति अत्यंत असंतोषजनक व बदहाल पाई गई। मौके पर एक ही कमरे में रैन बसेरा संचालित होता मिला, जहां काफी गंदगी और अव्यवस्था पसरी थी। परिसर में अनावश्यक सामान, कबाड़ व बिखरे हुए तार पड़े मिले, वहीं ठहरने व सोने के स्थान पर भी नियमित साफ-सफाई और रखरखाव का अभाव दिखा। इससे निराश्रित व जरूरतमंद लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल मिलने का उद्देश्य प्रभावित होता नजर आया।
समिति की टीम ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को रैन बसेरे में तुरंत साफ-सफाई कराने, कबाड़ व अनावश्यक सामान हटाने, बिजली व सुरक्षा व्यवस्था सुधारने तथा पर्याप्त संख्या में स्वच्छ बिस्तर, कंबल, रजाई और पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक जरूरतमंद को सम्मानजनक आश्रय देने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के दिशा-निर्देश भी दिए गए।
तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव हुकुम गुर्जर ने बताया कि सर्दियों में निराश्रित, जरूरतमंद और असहाय लोगों को सुरक्षित आश्रय देना रैन बसेरों का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि सभी सुविधाएं नियमित रूप से बहाल रखी जाएं और व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार सुनिश्चित किया जाए।

