एक मासूम की दर्दनाक मौत को समाज सहित पीड़ित परिवार के लिए कष्टदायक घटना:सांसद पटेल

सांसद देवजी पटेल पीड़ित परिवार से मिले, दुख जताकर ढांढस बंधाया, कहां सरकार की ओर से पूरी मदद और न्याय दिलायेंगे - पीड़िता ने कहा मुझे भी नहीं बताया कहां लेकर जा रहे हैं, इस प्रकार अंतिम संस्कार पर सांसद ने कहा दोषी है उसको हम नहीं छोड़ेंगे

Mar 2, 2023 - 08:37
 0
एक मासूम की दर्दनाक मौत को समाज सहित पीड़ित परिवार के लिए कष्टदायक घटना:सांसद पटेल

सिरोही। रमेश सुथार 

जालोर सिरोही सांसद देवजी एम पटेल ने एक मासूम की दर्दनाक मौत को समाज सहित पीड़ित परिवार के लिए कष्टदायक घटना बताते हुए पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान पिता महेंद्र मीणा को आश्वस्त करते हुए उसके कंधे पर हाथ रख संबल प्रदान कर कहा कि दोषी है उसको नहीं छोड़ेंगे, सांसद ने वार्ड के बाहर पत्रकारों से मुखातिब होकर बताया कि उन्होंने इस मामले में गंभीरता से जिला कलेक्टर से वार्ता की है और पीड़ित को पूरा न्याय दिलाने और उसके लिए सरकार की ओर से आर्थिक सहायता और रोजगार का पुख्ता प्रबंध कराए जाने को कहा है। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए इसे खोफनाक बताते हुए सबसे बड़ा जिम्मेवार अस्पताल प्रशासन को बताया साथ ही कहा कि नगर परिषद भी बराबर का दोषी है।

मंगलवार को सांसद देवजी पटेल सहित जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित पूर्व जिलाध्यक्ष लुंबाराम चौधरी शहर मंडल अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल समेत पार्टी नेताओं ने पीड़ित परिवार के महेंद्र मीणा मीणा और उसकी धर्मपत्नी रेखा से मुलाकात करके उसके स्वास्थ्य लाभ की जानकारी प्राप्त की और घटना के बारे में दुख जताया। इस बातचीत के दौरान पीड़िता और मासूम की माता ने सांसद को बताया कि उन्हें गुमराह करके अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद मुझे किसी ने आवाज देकर बुलाया और बाहर ले जाकर कोरे कागज पर साइन करवाएं, इस दरम्यान मुझे किसी ने नहीं बताया कि वे कहां लेकर जा रहे हैं। सांसद ने पीड़ित परिवार को ढांढस बांधते हुए कहा कि उन्हें सरकार की ओर से पूरी सहायता प्रदान करने में सहयोग करेंगे और जो भी योजनाए है उनका लाभ भी देने के लिए प्रशासन को कहा है।

मीडिया से खुलकर की बात, प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया -

सांसद पटेल ने सिरोही हॉस्पिटल में कभी बच्चा टंकी में गिरने की घटना और कभी सांप डसने व अब कुत्ते द्वारा नोच नोच कर मासूम की हत्या की घटना पर स्पष्ट कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि यहां का मुखिया लापरवाह है और दोषी को बचाने के लिए पर्दा डालते हैं। उन्होंने हॉस्पिटल व नगर परिषद प्रशासन को सामूहिक जिम्मेदार बताते हुए कहां की अस्पताल के आसपास नॉनवेज आदि खाद्य पदार्थ बिक्री से उसका अपशिष्ट कचरा इधर-उधर फेंकने से कुत्ते उसे खाकर हिंसक हो रहे हैं ऐसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो उसके लिए ठोस व पुख्ता प्रबंध किए जाने के लिए कलेक्टर को कहा है।

घटना के दोषी जिम्मेदारों पर कार्रवाई के मामले में कहा कि कलेक्टर ने उन्हें शाम तक रिपोर्ट पेश करने और पीड़ित को न्याय देने के प्रति आश्वस्त किया है। सांसद ने कहा कि जिस प्रकार पीड़ित परिवार की सहमति के बिना मासूम का दाह संस्कार की जानकारी आई है उस पर वे पुलिस महकमे के उच्च अधिकारियों की कार्यशैली से अवगत करवाकर इसमें सुधार की बात करेंगे। इसमें उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रक्षक ही अगर भक्षक बनेंगे तो कैसे चलेगा, कहां की पुलिस का दायित्व होता है कि वह लोगों को न्याय दिलवाए हम उनसे न्याय की अपेक्षा रखते हैं और अगर वो तथ्यों को छिपाकर पिछड़े व गरीब तबके को इस प्रकार परेशान करके दोषियों की मदद करेंगे तो इसे हम बिल्कुल सहन नहीं करेंगे।

मीडिया द्वारा सांसद को जानकारी दी कि अभी अभी कुछ देर पहले कलेक्ट्रेट से एक टीम आई और उसने पहले से लिखे एक बयान पर पीड़ित परिवार से साइन करने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की है। इस पर सांसद ने कहा की यह सरासर गलत है इस पर मैं कलेक्टर से बात करके कड़ा विरोध करूंगा तथा कहूंगा कि तुम अगर भक्षक बन रहे हो और यह कृत्य कर रहे हो तो भैया पहले ही बता दो, अगर ऐसा हो रहा है तो कलेक्टर को भी नहीं बख्शेंगे। 

प्रशासन द्वारा मीडिया से लगातार तथ्यों और सीसीटीवी फुटेज छिपाने तथा नहीं देने पर  सांसद ने कहा कि हम इनकी जांच पर रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं उसके बाद ही इनकी संवेदनशीलता का पता चल जाएगा। सांसद ने यह भी बताया कि कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया है कि सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। एक अन्य सवाल पर सांसद ने इतनी बड़ी घटना घटने के बाद भी उच्च अधिकारियों के मुख्यालय के हॉस्पिटल नही पहुंचने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और इसे उनकी कोताही कहा, सांसद ने कहा कि उन्हें आना चाहिए था बल्कि उनको अपने 50 मीटर दूर बंगले से हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण भी करना चाहिए।

कलेक्टर से सांसद के साथ शिष्टमंडल मिला और सिस्टम सुधार को कहा -

सांसद देवजी पटेल ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ जिला कलेक्ट्रेट में उनसे मिलकर ज्वलंत जनहित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण और सिस्टम में सुधार की तत्काल आवश्यकता बताई, विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा के दौरान हॉस्पिटल की लचर व्यवस्था और दुर्दशा में सुधार, पीड़ितों के साथ न्याय और आर्थिक सहयोग, सीवरेज प्रोजेक्ट कार्य में नगर परिषद की लापरवाही और जवाबदेही से बचने की कोशिश में सुधार तथा रुडिप व निर्माण कंपनी एलएनटी की मॉनिटरिंग, शहर की क्षतिग्रस्त उधड़ती सड़कों और टूटी नालियों के उचित प्रबंध, सिरोही मंडार के बीच टोल नाके को बंद करने की उचित कार्रवाई आदि कई मुद्दों पर विस्तार से बात करके समाधान को कहा। नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल की ओर से सांसद के मार्फत लिखित ज्ञापन भी दिया गया।

इनकी रही मौजूदगी -

सांसद के साथ आए शिष्टमंडल में जिला उपाध्यक्ष नारायण देवासी, वरिष्ठ नेता एडवोकेट वीरेंद्रसिंह चौहान, प्रधान हसमुख मेघवाल, अशोक पुरोहित, सुरेश सगरवंशी, महिपाल चारण, किसान मोर्चा के गणपतसिंह राठौड़,भाजयुमो के गोपाल माली, हेमंत पुरोहित, अजय भट्ट, प्रवीण राठौड़, बाबूसिंह, चिराग रावल, गोविंद सैनी समेत कई पदाधिकारी साथ थे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................