ससुराल से कुछ ही दूर गमछे से आम के पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर जिले के रुदावल थाना क्षेत्र में सोमवार रात बांध बारैठा की पाल पर बसे महमदपुरा गाव के नजदीक अपनी ससुराल से कुछ ही दूरी पर एक युवक का शव गमछे से आम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त लक्ष्मण निवासी पनबेडा थाना हिंडौन सदर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को रुदावल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाने के बाद मंगलवार सुबह मृतक के परिजनों के अस्पताल की मोर्चरी पर पहुचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही की। युवक की मौत के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है ।लेकिन मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मण की ससुराल महमदपुरा में है। वह दो दिन पहले ही अपनी पत्नी को महमदपुरा से अपने घर लेकर आया था। लक्ष्मण का उसकी ससुराल वालों से अनबन चल रही थी। सोमवार को लक्ष्मण घर से बिना किसी से कुछ कहे निकला था। जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों को आशंका है कि लक्ष्मण की हत्या की गई है। उसके बाद शव को पेड़ से लटकाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

