खेड़ली में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर
खेड़ली,अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर जिले के खेड़ली कस्बे के वार्ड नंबर दो स्थित सब्जी मंडी के पास शनिवार को एक निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत खेड़ली उप-जिला अस्पताल लाया गया, जहां से तीन को अलवर और एक को हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया गया।
घटना के समय सचिन हरिजन के मकान पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में छज्जे पर काम कर रहे मिस्त्री, बेलदार और मकान मालिक सचिन हरिजन भी नीचे गिरकर मलबे में दब गया। छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकाल कर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। एक मिस्त्री की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया, जबकि अन्य को हाथ-पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर खेड़ली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।


