भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) परिवहन आयुक्त एवं जिला प्रभारी सचिव शुचि त्यागी तथा संभागीय आयुक्त डॉ टीना सोनी ने शहर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था एवं ड्रेनेज कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कलक्टर कमर चौधरी, बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, नगर निगम आयुक्त श्रवण बिश्नोई, अतिरिक्त कलेक्टर शहर राहुल सैनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सफाई व्यवस्था में सुधार पर किया संतोष व्यक्त
जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों साथ शहर में आवासीय कॉलोनियों, प्रमुख मार्गों, बाजारों में साफ सफाई व्यवस्था में सुधार पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पहले की अपेक्षा सफाई व्यवस्था में सुधार हुआ है। इसे निरंतर बनाए रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में कचरा उठाव के लिए समय की पालना सुनिश्चित की जाए। जिला प्रभारी सचिव ने घर-घर कचरा संग्रहण को प्रभावी करने तथा आम लोगों को सड़क पर कचरा नहीं डालने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल भराव के क्षेत्र से पानी निकासी हेतु आवश्यकता पड़ने पर पंपसेट बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएफसीडी के विकास कार्य को गति के साथ पूरा कराए। उन्होंने लक्ष्मण जी मंदिर एवं गंगा जी मंदिर के फसाड कार्य एवं विकास कार्यों का भी मौके पर निरीक्षण किया तथा निर्धारित मापदंडों के अनुसार समय पर कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों के साथ हीरादास से अनाह गेट होते हुए पुराने शहर के बाजार, लक्ष्मण मंदिर, गंगा मंदिर लोहागढ़ किला एवं सर्कुलर रोड की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने लोहागढ़ किले में आधिकारिक पौधारोपण करने साफ सफाई व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किशोरी महल प्लाजा के निर्माण कार्य, टाउन हॉल, नेहरू गार्डन के विकास कार्य का भी निरीक्षण किया।
नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन के लिए 7 करोड रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसके बनने से शहर में समय पर कचरा उठाव होने के साथ निरंतर सफाई भी होगी। उन्होंने बताया कि कचरा उठाव के लिए ट्रैक्टर, टिप्पर अन्य संसाधन बढ़ाए गए हैं। सफाई कर्मियों को भी प्रातः 9 बजे तक सफाई पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।