राठ क्षेत्र में बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता
मुंडावर ( देवराज मीणा) राठ क्षेत्र मुंडावर तहसील में बीती रात रुक-रुक कर हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। लगातार बारिश के कारण खेतों में कटी बाजरे की फसल भीग गई, जिससे किसानों में नुकसान की आशंका को लेकर चिंता व्याप्त है।
क्षेत्र में पककर तैयार बाजरे की फसल की कटाई बारिश के कारण प्रभावित हुई है वहीं पहले से कटी फसल के भीगने से गुणवत्ता पर असर पड़ने की संभावना है। मुंडावर पूर्व प्रधान सम्मी चौधरी पिपली, सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह चौहान ठेकेदार बड़ोद ने बताया कि बारिश के कारण कटी हुई फसल के दाने खराब हो सकते हैं। जिससे बाजार में प्रति किवंटल लगभग 200 तक कम भाव मिलने की आशंका है। भीगी फसल से कड़वी (पशु चारा) भी खराब हो रही है, जो किसानों के लिए दोहरी मार साबित हो रही है।
मुंडावर उपखंड के ग्राम पंचायत सोडावास, करनीकोट, पिपली, हटुंडी, बधीन, सामदा, राजवाड़ा, भानोत, मुंडवाड़ा कला, माजरी खोला के किसानों ने बताया कि खेतों में खड़ी पक्की बाजरे की फसल में दाने खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। जिससे उनकी चिंताएं और गहरी हो गई है।
किसान गुड्डन चौधरी, बिल्लू सिवाग सोडावास, मनोज अम्बावत, रामोतार चौधरी ने बताया पिछले दो-तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने फसल कटाई का काम रोक दिया है। जो फसल कट कर खेतों में पड़ी थी वह बारिश में भीग गई है। अब दाने का रंग खराब होने से बाजार में नुकसान उठाना पड़ सकता है।

