एक जिला-एक उत्पाद, खादी उत्पाद प्रदर्शनी का हुआ शुभारम्भ
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के निर्देशानुसार सेवा पखवाडा के अन्तर्गत लोकल फॉर वोकल हेतु जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा आयोजित स्थानीय हस्तशिल्प/एक जिला-एक उत्पाद, खादी उत्पाद प्रदर्शनी का शुभारम्भ गुरूवार को कम्पनी बाग स्थित ग्रामीण हाट में अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर ने कहा कि मेले देश की सांस्कृतिक विरासत हैं इससे मेल-मिलाप और भाईचारा बढता है तथा इस प्रकार के हस्तशिल्प मेले में हस्तशिल्पियों द्वारा निर्मित उत्पादों के विक्रय हेतु एक बाजार मिलता है जिससे हस्तशिल्पी एवं लघु उद्यमियों को अपने उत्पाद को विक्रय करने में सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि मेले जहां संस्कृति के संवाहक है वहीं ऐसे मेले विकास में भी सहयोगी है तथा छोटे-छोटे हस्तशिल्पियों एवं दस्तकारों को उनके द्वारा निर्मित उत्पाद की बिक्री का एक अच्छा प्लेटफार्म है। प्रारंभ में बृज उद्योग संघ के अध्यक्ष विनीत सिंह ने अतिरिक्त कलक्टर को शॉल ओढाकर एवं पीएनबी आरसेटी के निदेशक मलूक सिंह ने फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
जिला उद्योग अधिकारी सूर्यकांत पाण्डेय ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रदर्शनी में एसएचजी आर्टीजनों, उद्यमियों को निःशुल्क 20 दुकानें उपलब्ध करायी गई हैं। प्रदर्शनी में जिले के प्रसिद्ध इंजन ब्राण्ड के तेल, अचार, नमकीन, पापड, शहद, हैण्डीक्राफ्ट, कपडे सहित अन्य उत्पादों की दुकानें लगाई गईं हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी दिनांक 25 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रातः 10 बजे से सांय 8 बजे तक खरीददारी हेतु संचालित रहेंगी। इस मौके पर चन्द्रप्रकाश, मयंक, हरवीर सिंह, बडी संख्या में उद्यमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


