मकराना प्राइवेट स्कूल्स सोसायटी ने लिए विभिन्न निर्णय
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मकराना प्राइवेट स्कूल्स सोसाइटी की जनरल मीटिंग शनिवार की शाम को गणगौर होटल में ए. क्यू. कुरैशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। मीटिंग के प्रारम्भ में सचिव बाबूलाल बिश्नोई ने बताया कि भरतपुर जिले के खेरली मोड़ पुलिस थाना के एसएचओ द्वारा एक शाला संचालक के साथ किए गए दुर्व्यवहार पर सोमवार को उपखंड अधिकारी मकराना द्वारा डीजीपी राजस्थान के नाम ज्ञापन दिया जाएगा, जिसमें सम्बन्धित एसएचओ के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने हेतु निवेदन किया जाएगा। सदन में उपस्थित समस्त संचालकगण ने इस घटना की घोर निंदा की। पूर्व अध्यक्ष दिलीप सिंह चौहान ने कहा कि ज्ञापन देने हेतु शाला संचालकगण अधिकाधिक संख्या में अवश्य पहुंचे। पूर्व अध्यक्ष अब्दुल रहमान रांदड़ ने सभी साथियों को स्थानीय संगठन के साथ प्रदेश स्तरीय संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। उपाध्यक्ष भंवरलाल खिलेरी तथा रूपाराम रांडा ने सुझाव दिया कि दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जाए, जिसमें प्रदेशाध्यक्ष अनिल शर्मा के साथ प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया जाए। कोषाध्यक्ष मोहम्मद सईद सिसोदिया द्वारा सोसाइटी के आय-व्यय का ब्यौरा देते हुए वार्षिक शुल्क 15 अक्टूबर 2025 तक अनिवार्य रूप से जमा कराने हेतु कहा गया। सदस्य संस्थाओं से वार्षिक शुल्क प्राप्त करने हेतु पांच सदस्यों की टीम बनाई गई, जिसमें उपाध्यक्ष जगदीश सिंह मिंडकिया, सह सचिव मोहम्मद सलाम, अब्दुल मुनाफ, महावीर शर्मा, मोहम्मद अकरम रहेंगे। इस अवसर पर पूर्व सचिव महेन्द्र सिंह शेखावत का सोसाइटी पदाधिकारियों द्वारा माला पहनाकर सम्मान किया गया। मीटिंग में विपिन जोशी, मनोज व्यास, प्रदीप चौधरी, सम्पत सिंह आदि ने भी विचार व्यक्त किए।