रात्रि गश्त की ढोल में पोल पूर्व विधायक के घर से कुछ दूरी पर बंद मकान में डेढ़ से दो लाख की नकदी व जेवरात पार
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के यादव नगर स्थित तिजारा फाटक के पास एक बंद पड़े मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यह मकान पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव के घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक गुड्डी देवी 12 नवंबर को अपने बेटे सुरेश और बहू आरती के साथ सीहोर बाबा के दर्शन करने गई थीं। परिवार 14 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। परिवार के अंदर प्रवेश करने पर देखा कि घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी को नीचे से तोड़कर उसमें रखी करीब डेढ़ से दो लाख रुपये की नकदी, सोने–चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन चोरी हो चुका था। पूरे कमरे में दराज और कपड़ों का सामान भी बिखरा हुआ मिला।
घटना के तुरंत बाद सुरेश ने शिवाजी पार्क थाना पुलिस और कंट्रोल रूम को सूचना दी तथा थाने में लिखित शिकायत भी दी। लेकिन परिजनों का आरोप है कि शिकायत दिए 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे आस-पास के लोगों में नाराजगी है। गुड्डी देवी मेडिकल कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं और उनके पति का निधन हो चुका है। उनका बेटा सुरेश नेक्सा शो-रूम में कार्यरत है। परिवार का कहना है कि चोरी की घटना ने उन्हें बेहद परेशान कर दिया है ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगे। पुलिस शिकायत दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।