लोकतंत्र की पाठशाला राजस्थान विधानसभा में पीएम श्री विद्यालय बहज के होनहारों की बुलंद की आवाज, राज्य स्तरीय प्रबल कार्यक्रम में दिया अपना उद्बोधन
डीग (नीरज जैन) राजस्थान शिक्षा विभाग और राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित राज्य स्तरीय प्रबल कार्यक्रम के अंतर्गत राजस्थान विधान सभा युक्त होने वाली राजस्थान युवा सभा का आयोजन राजस्थान विधानसभा जयपुर में संपन्न हुआ। जिसमेंश्रीमती शीला जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बहज के छात्र शोभा और यश ने डीग जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी आवाज राजस्थान विधानसभा में बुलंद की ।
छात्रा शोभा ने राजस्थान विधानसभा में में युवाओं की आवाज बन कर विद्यार्थियों के लिए सुदृढ़ मानसिक स्वास्थ्य और उचित कैरियर मार्गदर्शन की आवश्यकता पर अपनी बात रखते हुए कहा कि टूटे मन से राष्ट्र निर्माण नहीं हो सकता इसलिए विद्यालयों में हैप्पीनेस करिकुलम, जिला स्तरीय करियर काउंसलिंग लैब और जिला स्तरीय कोचिंग नियामक बोर्ड के गठन की बात सरकार के समक्ष रखी।
प्राचार्य मुकुट बिहारी शर्मा ने बताया की इन विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय मंच तक पहुंचने में उनकी मेंटर उमा देवी चौहान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके सतत मार्गदर्शन,अकादमिक सहयोग और उत्कृष्ट निर्देशन के फल स्वरुप विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, तार्किक सोच, प्रभावी अभिव्यक्ति एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अनीता बाई राघव ने दोनों विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन को उल्लेखनीय उपलब्धि बताते हुए इसकी सराहना की।
दोनों विद्यार्थियों और मेंटर को राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और शिक्षा मंत्री मंत्री मदन दिलावर द्वारा प्रशस्ति पत्र, ट्रैक सूट, बैग एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण राजस्थान विधानसभा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया गया जिसे विद्यालय में बड़ी स्क्रीन पर दिखाकर विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, संसदीय परंपराओं एवं नागरिक दायित्वों से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और नेतृत्व निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ बल्कि लोकतांत्रिक चेतना को सशक्त करने की बेहतरीन पहल के रूप में भी अपनी पहचान बना गया।
दोनों विद्यार्थियों और मेंटर टीचर के विद्यालय में आने पर विद्यालय परिवार की तरफ से माला, साफा, पटका पहनाकर शानदार और भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर यथावत प्राचार्य मेघश्याम, कुलदीप सिंह, प्रहलाद सिंह, दीपक वर्मा, केदारनाथ शर्मा,सत्येंद्रपाल ,रमाकांत सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।