विवाहिता से मारपीट कर घर से निकाला: दहेज में 11 लाख और फोर व्हीलर मांगने का आरोप, मामला दर्ज
नदबई (भरतपुर) दहेज में 11 लाख रुपए नकद और फोर व्हीलर गाड़ी की मांग को लेकर ससुराल वालों ने विवाहिता से मारपीट की और घर से निकाल दिया। जिससे परेशान होकर विवाहिता ने नदबई थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, नदबई के गांव करीली निवासी सावित्री पुत्री जंगलराम ने मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी सत्यपुरा थाना कुम्हेर निवासी भानुप्रकाश पुत्र मोहनसिंह के साथ 19 जून 2019 में हिन्दू रीति रिवाज के साथ संपन्न हुई थी। उसके पिता ने शादी में सामर्थानुसार दान दहेज दिया था। लेकिन, पति, सास, ससुर सहित अन्य ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करने लगे।
विवाहिता ने आरोप लगाया है कि, ससुराल वाले उसे भूखी प्यासी रखते थे और दहेज में 11 लाख रुपए और एक फोर व्हीलर गाड़ी की मांग करने लगे। दहेज नहीं देने पर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने बताया कि, कई बार उसके परिवार वालों ने ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने।