भरतपुर चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने किया नव-वर्ष मिलन समारोह का भव्य आयोजन
हलैना ( विष्णु मित्तल) भरतपुर चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा नववर्ष 2026 के उपलक्ष्य में नववर्ष मिलन समारोह का भव्य आयोजन आज प्रेम गार्डन, सेक्टर–3, भरतपुर में हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों सुभाष गर्ग विधायक, गणपति महावर (ASP, अभय कमांड कंट्रोल), सीताराम गुप्ता (निदेशक, समृद्ध भारत अभियान), महेंद्र सिंह मग्गो (प्रांत सहसंचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), श्प्रीतम वर्मा (AGM, PNB बैंक), पूर्व अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ,अतुल मित्तल (अध्यक्ष, जिला अग्रवाल महासभा), राजेंद्र प्रसाद खंडेलवाल (पूर्व अध्यक्ष, व्यापार मंडल) तथा कृष्ण मुरारी अग्रवाल (अध्यक्ष, भरतपुर चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज) द्वारा भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
वृन्दावन से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक जगदीश महाराज द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजन संध्या ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रंग प्रदान किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने अत्यंत सराहा।
अपने उद्बोधन में सीताराम गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय भरतपुर के विकास का स्वर्णिम काल है। मुख्यमंत्री द्वारा भरतपुर के इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने तथा औद्योगिक विकास को गति देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भारतमाला परियोजना से जुड़ाव, सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुगम यातायात व्यवस्था से भरतपुर की देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों से दूरी काफी कम होगी, जिससे व्यापार और उद्योग को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर चैम्बर के सभी पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, जय गोयल, राकेश बंसल, सुनील प्रधान एवं रुपेश अग्रवाल — का पटका एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन सभी के सतत प्रयासों से ही भरतपुर चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने एक सशक्त पहचान स्थापित की है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में वक्ताओं ने व्यापारियों से आपसी एकता, सहयोग और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से व्यापारी हितों की रक्षा हेतु निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रामस्वरूप कोली (पूर्व सांसद), नवीन पाराशर (सदस्य, उड्डयन मंत्रालय), अनुराग गर्ग (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, वैश्य महासम्मेलन), विनीत अग्रवाल (अध्यक्ष, ब्रज औद्योगिक संघ), सुभाष जिंदल, चंचल जिंदल, किशोर खंडेलवाल, रविंद्र गोयल, राकेश मित्तल, नरेंद्र अग्रवाल, ओमप्रकाश सिंघल, विजय गोयल, प्रमोद गुप्ता, अमित सिंघल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, उद्योगपति एवं व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन महामंत्री राहुल बंसल द्वारा किया गया। अंत में सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने भोजन प्रसादी के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।