आदर्श ग्राम पंचायत रारह की सरपंच कुसुम सिंह का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, पुणे में होंगी सम्मानित
भरतपुर:(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आदर्श ग्राम पंचायत रारह की सरपंच कुसुम सिंह का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, यशदा पुणे में होंगी सम्मानित । पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित “सशक्त पंचायत नेत्री अभियान” के अंतर्गत “आदर्श महिला हितैषी ग्राम पंचायत” विषय पर दिनांक 8 एवं 9 जनवरी 2026 को यशदा (YASHADA), पुणे में एक दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यशाला में राजस्थान राज्य से ग्राम पंचायत रारह की सरपंच कुसुम सिंह सहित कुल आठ सरपंचों का चयन किया गया है।
यह चयन भारत सरकार द्वारा उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट विकास कार्यों, प्रभावी नेतृत्व, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता तथा ग्राम पंचायत को आदर्श रूप में विकसित करने के उल्लेखनीय प्रयासों के आधार पर किया गया है।
कार्यशाला के दौरान देशभर से चयनित महिला सरपंचों के साथ पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका, महिला हितैषी योजनाओं, नवाचारों एवं सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर गहन मंथन किया जाएगा। साथ ही चयनित सरपंचों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
ग्राम पंचायत रारह की सरपंच कुसुम सिंह का यह चयन न केवल ग्राम पंचायत रारह के लिए, बल्कि भरतपुर जिला एवं समूचे राजस्थान राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि ग्राम पंचायत रारह में किए जा रहे विकास कार्यों, पारदर्शी प्रशासन, महिला एवं समाज के सभी वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।


