राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) द्वारा फार्मासिस्ट के नए पदों के सृजन हेतु ज्ञापन
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) की जिला शाखा खैरथल–तिजारा द्वारा जिलाध्यक्ष धीरज यादव के नेतृत्व में फार्मासिस्ट के 10032 नए पदों पर भर्ती कर निशुल्क दवा योजना को सुदृढ़ करने की मांग को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट को ज्ञापन सौंपा गया।
संघ अध्यक्ष ने बताया कि जिले सहित राज्य के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में अनेक दवा वितरण केंद्र बिना फार्मासिस्ट के संचालित हो रहे हैं। ऐसे सभी दवा वितरण केंद्रों पर फार्मासिस्ट के पद सृजित किए जाने चाहिए तथा स्थायी नियुक्ति होने तक संविदा आधार पर नियुक्ति की जाए।
उन्होंने अवगत कराया कि राज्य सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधीन पीएचसी, सीएचसी, यूपीएचसी, सेटेलाइट हॉस्पिटल, उप जिला चिकित्सालय, जिला चिकित्सालय एवं टीबी हॉस्पिटल के माध्यम से लगभग 4000 सब-स्टोर एवं 4500 दवा वितरण केंद्र (कुल लगभग 8500) संचालित हैं, जिनमें से लगभग 4000 दवा वितरण केंद्र बिना फार्मासिस्ट के कार्यरत हैं।
संघ ने यह भी बताया कि NQAS (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स) की गाइडलाइन के अनुसार दवा वितरण केंद्रों पर वेटिंग टाइम एवं टर्नअराउंड टाइम जितना कम होगा, उतनी ही गुणवत्तापूर्ण सेवा मानी जाती है, जो पर्याप्त फार्मासिस्ट उपलब्ध होने पर ही संभव है। इस अवसर पर रोहित खंडेलवाल, करण कौशिक, रणजीत सिंह, राहुल शर्मा, आदित्य यादव, हिमांशी भूटानी आदि उपस्थित रहे।


