शिक्षा की क्रांति से ही बदलेगी समाज की तस्वीर, युवाओं की सफलता समाज का गौरव= गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म
गुर्जर प्रतिभा सम्मान समारोह में मंत्री बेढ़म ने आईएएस, आरपीएस और मेधावी छात्रों की उपलब्धियों को सराहा
डीग (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) डीग जिले में अलवर-डीग बॉर्डर पर आयोजित गुर्जर सेवा समिति बृजनगर के गुर्जर प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजस्थान सरकार के गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने अपने संबोधन की शुरुआत समाज के प्रति आभार और सेवा के संकल्प के साथ की। उन्होंने कहा, मैं केवल एक मंत्री नहीं, बल्कि आपका प्रतिनिधि हूँ। आप सभी के आशीर्वाद और विश्वास से ही मैं आज इस पद पर हूँ और आपकी सेवा कर पा रहा हूँ।
गृह राज्य मंत्री बेढम ने शिक्षा को समाज परिवर्तन की सबसे मजबूत नींव बताते हुए कहा कि आज समाज में जो जागरूकता आई है, वह एक क्रांति का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा, शिक्षा ही वह दीपक है, जो अंधकार को दूर कर उजाले की राह दिखाता है। जब समाज का हर बच्चा शिक्षित होगा, तभी हमारा समाज सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानित बनेगा।
मंत्री बेढ़म ने गर्व के साथ कहा कि समाज के प्रयासों और जागरूकता का परिणाम है कि आज हमारे बच्चे 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर रहे हैं और देश की सर्वोच्च सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज हमारे समाज की प्रतिभाएं आरएएस, आरपीएस, आईपीएस और आईएएस बनकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। यह बदलाव इस बात का प्रमाण है कि समाज ने शिक्षा के महत्व को दिल से स्वीकार किया है।
उन्होंने गुर्जर सेवा समिति और अन्य सामाजिक संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन संस्थाओं ने समाज के भीतर शिक्षा की अलख जगाई है। उन्होंने कहा कि आपने जो बीज बोया था, वह आज वटवृक्ष बन चुका है और युवा पीढ़ी अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही है, जिससे समाज का भविष्य उज्ज्वल हो रहा है।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष द्वारा रखी गई मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने आश्वासन दिया कि सभी विषयों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सरकार हर संभव समाधान सुनिश्चित करेगी।
समारोह में मंत्री बेढ़म ने मेधावी छात्र-छात्राओं, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मातृशक्ति, समाज के वरिष्ठ जन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में आमजन मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में समाज उत्थान और शिक्षा के प्रसार का संकल्प लिया।
अपने संबोधन के समापन पर गृह राज्य मंत्री ने कहा, युवाओं की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे समाज का गौरव होती है। हमें मिलकर ऐसा वातावरण बनाना है, जहां हर बच्चा अपने सपनों को साकार कर सके और देश-प्रदेश की सेवा में अपना योगदान दे।


