साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, आमजन को मूलभूत सुविधाओं की आपूर्ति में नहीं बरतें लापरवाही-जिला कलक्टर

Feb 16, 2026 - 13:36
 0
साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, आमजन को मूलभूत सुविधाओं की आपूर्ति में नहीं बरतें लापरवाही-जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा कि आमजन से जुडी मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही नहीं बरतें, सभी अधिकारी लोगों को योजनाओं का लाभ देते हुये गुडगर्वेनेंस को साकार करें। 
जिला कलक्टर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पेयजल, विद्युत एवं चिकित्सा संबंधी मूलभूत सुविधाओं की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने पिछले दिनों चम्बल धौलपुर-भरतपुर पेयजल लाईन के क्षतिग्रस्त होने पर आमजन को समय पर पेयजल सप्लाई को गंभीरता से लेते हुये कहा कि किसी भी कार्य में देरी होने पर लोगों को विभिन्न माध्यमों से सूचित किया जाये। आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति के लिये वैकल्पिक इंतजाम भी सुनिश्चित करें। उन्होंने मौसम के परिवर्तन को देखते हुये चिकित्सा संस्थानों में दवाओं एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के इंतजाम अभी से करने के निर्देश दिये। उन्होंने चिकित्सा विभाग को पीएम सूर्य घर योजना का ग्राम पंचायतों तक प्रचार-प्रसार कर आम उपभोक्ताओं को योजना में अनुदान प्राप्त कर सौर प्लेट लगाने के लिये प्रेरित करने की बात कही। 
फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुये उन्होंने आंगनबाडी केन्द्रों व विद्यालयों में अध्ययनरत सभी बच्चों के अपार आईडी कार्ड बनाने के लिये आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। दिव्यांगजनों के लिये यूडीआईडी पोर्टल पर लम्बित 267 आवेदनों की जांच कर शीघ्र कार्ड जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने लाडो योजना में बालिका जन्म के समय ही आवश्यक दस्तावेज प्राप्त नियमित भुगतान करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी विभाग फ्लैगशिप योजनाओं में पात्रजनों को स्वप्रेरित होकर लाभान्वित करते हुये सरकार की मंशा के अनुरूप समस्याओं का त्वरित निराकरण करें। 
बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुये उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वीकृत कार्यों को समय पर पूरा कराते हुये नवीन बजट घोषणाओं में आवश्यक तकमीना, टेण्डर प्रक्रिया एवं भू-आवंटन से संबंधित मामलों में अधिकारी स्वप्रेरणा से अभी से तैयारी पूरी करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग विकास कार्यों एवं बजट घोषणाओं को प्रति माह गूगल ड्राइव पर अपडेट करते हुये मौके पर जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि बजट घोषणा 2026-27 की क्रियान्विति के लिये प्रतिमाह का लक्ष्य लेकर विस्तृत कार्य योजना तैयार करें जिससे समय पर धरातल पर कार्य पूरे हो सकें। उन्होंने निर्माण कार्यों से संबंधित सभी विभागों को अधिकारियों की टीम तैनात कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुये समय पर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये। 
जिला कलक्टर ने सभी विभागों को हरित राजस्थान अभियान में भागीदारी के लिये प्लान बनाकर आम लोगों, किसानों को भी पौधारोपण के लिये प्रेरित करने, वन विभाग को क्षेत्रीय जलवायु व मिट्टी के अनुसार पौधों का चयन कर विभागों को जानकारी देने के निर्देश दिये। इस अवसर पर आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया, सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, अतिरिक्त आयुक्त आबकारी राजीव शर्मा, आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई, सहायक निदेशक लोकसेवाऐं सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................