गौसम्मान की हुंकार: कुकृत्य के विरोध में हिंदू संगठनों का फूटा रोष, 72 घंटे में कार्रवाई की मांग
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) गौ माता के सम्मान और हिंदू समाज की आस्था के संरक्षण को लेकर भीलवाड़ा में व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी गई। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, श्रीराम गौ सेवा समिति, पंचमुखी गौशाला समिति सहित विभिन्न गौसेवा संगठनों ने गौ माता के साथ हुए कुकृत्य की दो गंभीर घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपा।
विहिप भीलवाड़ा महानगर प्रचार-प्रसार प्रमुख विराट सोनी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से योजनाबद्ध तरीके से भीलवाड़ा के माहौल को बिगाड़ने के प्रयास हो रहे हैं। सनातन हिंदू परंपरा में गौ माता को 36 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना जाता है, ऐसे में गौ माता के साथ कुकृत्य कर हिंदू समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई गई है।
पहली घटना 7 मार्च की रात धानमंडी, तथा दूसरी 27 मार्च को शाम के समय सब्जी मंडी में हुई। दोनों ही मामलों में रिपोर्ट क्रमशः भीमगंज थाने और कोतवाली थाने में दर्ज होने के बावजूद अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई न होने से हिंदू समाज में गहरा आक्रोश है।
संगठनों ने चेतावनी दी कि अगले 72 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सभी गौसेवा और हिंदू संगठनों द्वारा उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में अखिलेश व्यास, विनीत द्विवेदी, ओमप्रकाश लड्ढा, भारत गेंगट, सुशील सुवालका, मुकेश प्रजापत, मनोज सोनी, सतु बजरंगी, गौरव जीनगर, कमल राजपुरोहित, श्रीराम गौ सेवा समिति से राम लखन राव, भेरू माली, देवराज गुर्जर, काना माली, महावीर तथा पंचमुखी गौशाला समिति से बबलू गाडरी, कालू तेली, सुरेश सहित अनेक गौसेवक मौजूद रहे।